
जमशेदपुर। बेटे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर लंबे समय से पुलिस अधिकारियों और थाने के चक्कर काट रही एक मां ने रविवार शाम ऐसा कदम उठा लिया, जिससे बिष्टुपुर स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। महिला ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद एक युवक और एटीएम सुरक्षा गार्ड की सूझबूझ से समय रहते उसे रोक लिया गया।
बताया जा रहा है कि सोनारी निवासी महिला अपने बेटे जय यादव की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग कर रही है। महिला का दावा है कि उसके बेटे की मौत के पीछे मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग की भूमिका रही है।
26 जुलाई को हुई थी बेटे की मौत
महिला के अनुसार, उसका जवान बेटा जय यादव बीते 26 जुलाई को फांसी लगाकर मृत मिला था। बेटे की मौत के बाद मां ने सोनारी निवासी सिम्मी रजक नामक युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि जय और युवती के बीच प्रेम संबंध था और कथित तौर पर विवाद के बाद जय मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
मां का आरोप है कि युवती की ओर से लगातार मानसिक दबाव और कथित ब्लैकमेलिंग के कारण उसका बेटा बेहद परेशान था। इसी परेशानी में उसने अपनी जान दे दी।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि बेटे की मौत से संबंधित मामले में उसने पुलिस को कई महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं। इनमें कथित तौर पर कॉल डिटेल, तस्वीरें और वीडियो समेत अन्य सामग्री शामिल है।
महिला का कहना है कि इन साक्ष्यों के बावजूद अब तक आरोपी युवती और उसके परिजनों से आवश्यक पूछताछ नहीं की गई। उनका आरोप है कि न्याय की उम्मीद में वह लगातार पुलिस के पास जाती रही, लेकिन उसे राहत नहीं मिली।
महिला ने पुलिस पर यह भी आरोप लगाया कि उसे बार-बार थाने बुलाकर घंटों बैठाया जाता था और हाजिरी देने के लिए दबाव बनाया जाता था। लगातार हो रही इस परेशानी और कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी।
एसएसपी कार्यालय पहुंची, लेकिन नहीं हो सकी मुलाकात
रविवार शाम महिला अपनी शिकायत लेकर बिष्टुपुर स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंची थी। बताया गया कि उस समय कार्यालय बंद था और उसकी एसएसपी से मुलाकात नहीं हो सकी। इससे महिला कथित तौर पर बेहद निराश हो गई।
इसी दौरान उसने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया और आत्मदाह की कोशिश करने लगी। महिला माचिस जलाती, उससे पहले ही वहां मौजूद एक युवक ने उसे पकड़ लिया। वहीं एटीएम सुरक्षा गार्ड ने तत्काल उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल और माचिस छीन ली।
दोनों की तत्परता से महिला को रोक लिया गया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बेटे की मौत के मामले में न्याय की मांग कर रही महिला का इस तरह आत्मदाह का प्रयास करना पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस मामले में महिला द्वारा बताए जा रहे साक्ष्यों की जांच कर आगे क्या कार्रवाई करती है और उसके बेटे की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा किस तरह दिलाया जाता है।





