
खूंटी: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज डबल मर्डर का मामला सामने आया है। पंगुरा गांव के जंगल से रविवार को 19 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि युवती आठ महीने की गर्भवती थी और उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में युवती के प्रेमी 20 वर्षीय सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है।
मृतका अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, उसका पंगुरा गांव निवासी सागर ओड़ेया के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। वह सागर पर खुद और होने वाले बच्चे को साथ रखने का दबाव बना रही थी।
बताया जा रहा है कि इसी बीच सागर ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। करीब दो महीने पहले उसने ढुकू प्रथा के तहत दूसरी युवती को अपने घर में रख लिया। इसके बाद सागर और उसकी प्रेमिका के बीच विवाद बढ़ गया।
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर को युवती अपने अजन्मे बच्चे के हक की मांग को लेकर सागर के घर पहुंची थी। इसके बाद 4 सितंबर से वह लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
रविवार को पंगुरा गांव के जंगल में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि युवती आठ महीने की गर्भवती थी। उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी और इसे दोहरे हत्याकांड के रूप में दर्ज किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती के प्रेमी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि विवाद से बचने के लिए वह युवती को बहला-फुसलाकर जंगल ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित रूप से युवती की गला रेतकर हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में हत्या की वजह, घटनाक्रम और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।







