श्री बंशीधर नगर

पहली बारिश में ही खुली नगर पंचायत की पोल, जलजमाव से जंगीपुर बस्ती टोला बना तालाब

ख़बर को शेयर करें

500 से अधिक आबादी प्रभावित, घरों में घुस रहा पानी; वार्डवासियों ने दी होल्डिंग टैक्स नहीं देने की चेतावनी

शुभम जायसवाल

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): मानसून की पहली हल्की बारिश ने ही श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी है। नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 स्थित जंगीपुर बस्ती टोला में मुख्य सड़क पर जलजमाव होने से करीब 500 से अधिक की आबादी का जनजीवन प्रभावित हो गया है। सड़क पर जमा पानी के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं कई घरों में भी पानी घुसने लगा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों में नगर पंचायत प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से इस समस्या की शिकायत की जा रही है, लेकिन नगर पंचायत ने आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया। इस बार पहली ही बारिश में सड़क कीचड़ और जलजमाव से भर गई, जिससे नगर पंचायत के विकास कार्यों की पोल खुल गई है।

वार्ड वासियों का कहना है कि सड़क से ऊंची नाली का निर्माण कर दिया गया है। नाली सड़क से ऊपर होने के कारण बारिश का पानी उसमें नहीं जा पाता और पूरी सड़क पर जमा हो जाता है। इससे सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है, जिससे डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।

वार्ड पार्षद बोले- समाधान नहीं हुआ तो नहीं देंगे होल्डिंग टैक्स

वार्ड पार्षद उपेंद्र कुमार मेहता ने कहा कि इस समस्या की जानकारी कई बार नगर पंचायत प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासी एकजुट होकर नगर पंचायत को होल्डिंग टैक्स देना बंद कर देंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जंगीपुर बस्ती टोला में अरुण किराना दुकान से लेकर बाकी नदी तक सड़क किनारे हुए अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे जलनिकासी और आवागमन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

क्या बोले वार्डवासी

मैमून बेगम ने कहा कि बारिश होते ही सड़क तालाब बन जाती है। घर से निकलना मुश्किल हो जाता है और गंदा पानी घर तक पहुंच जाता है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

रविराज कुमार मेहता ने कहा कि नगर पंचायत हर साल विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पहली बारिश में ही सारी व्यवस्था की पोल खुल जाती है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।

जितेंद्र मेहता ने कहा कि सड़क पर इतना पानी भर जाता है कि बाइक और साइकिल चलाना भी मुश्किल हो जाता है। गंदगी के कारण बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

गुलाब मेहता ने कहा कि नाली ऊंची और सड़क नीची होने से पूरा पानी हमारे घरों की ओर आ जाता है। बरसात शुरू होते ही डर सताने लगता है कि कहीं पानी घर में न भर जाए।

वही दिलीप चंद्रवंशी,उपेंद्र मेहता,नीरज कुमार,महताब अंसारी, इमामुद्दीन अंसारी,वरुण चंद्रवंशी,कन्हाई मेहता, चंद्रावती कुंवर एवं गोपाल मेहता ने नगर पंचायत प्रशासन से अविलंब जलनिकासी की समुचित व्यवस्था, सड़क की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाएंगे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Avatar photo

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।