
काठमांडू: नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचा रखी है। इस प्राकृतिक आपदा में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग अब भी लापता हैं। इसी बीच धादिंग जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। बाढ़ के तेज बहाव में एक बैंक का लॉकर बहकर कई किलोमीटर दूर पहुंच गया। लॉकर मिलने के बाद कथित तौर पर उसे तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने की कोशिश की गई। इस मामले में पुलिस ने 29 लोगों को हिरासत में लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह बैंक लॉकर नेपाल के भोटेकोशी क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान बह गया था। बाढ़ का पानी इसे बहाकर धादिंग जिले तक ले आया। बाद में लॉकर बेलखुखोला के आसपास बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की नजर जब इस लॉकर पर पड़ी तो कथित तौर पर कुछ लोगों ने उसे तोड़ने की कोशिश की और उसके भीतर रखी रकम निकाल ली।
पुलिस को जब इस घटना की सूचना मिली तो नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया और उनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की।
नेपाल न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों के पास से 92,68,505 नेपाली रुपये बरामद किए हैं। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 57 लाख रुपये के बराबर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों को उस समय पकड़ा गया जब वे क्षतिग्रस्त लॉकर से नकदी निकाल रहे थे।
धादिंग जिला पुलिस कार्यालय में सभी 29 संदिग्धों को रखा गया है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता डीआईजी अभि नारायण काफ्ले के अनुसार, मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लॉकर मिलने के बाद नकदी निकालने में कौन-कौन लोग शामिल थे।
नेपाल में आई इस विनाशकारी बाढ़ का असर नेपाल के साथ-साथ चीन के तिब्बत क्षेत्र में भी देखने को मिला है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक नेपाल और तिब्बत में मिलाकर 600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 3,000 लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल में अकेले मृतकों की संख्या 633 तक पहुंचने की सूचना है। खराब मौसम और दुर्गम इलाकों के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में भी मुश्किलें आ रही हैं।







