
रांची: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भी इलाज कराया जा सकेगा। रिम्स को योजना के तहत इम्पैनल्ड हेल्थ केयर प्रोवाइडर (सूचीबद्ध अस्पताल) के रूप में शामिल कर लिया गया है।
इस संबंध में रिम्स प्रबंधन और योजना की बीमा प्रदाता कंपनी टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस के बीच औपचारिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभुकों के लिए रिम्स में इलाज का रास्ता साफ हो गया है।
रिम्स प्रबंधन के मुताबिक, एमओयू होने के बाद अब योजना को धरातल पर लागू करने के लिए जरूरी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार करीब एक सप्ताह में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद पात्र सरकारी कर्मचारी और उनके आश्रित योजना के तहत रिम्स में इलाज की सुविधा ले सकेंगे।
रिम्स राज्य का प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थान है, जहां विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में रिम्स के योजना से जुड़ने के बाद कर्मचारियों को गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा।
राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पात्र लाभुकों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रावधान है। झारखंड सरकार के अनुसार योजना में सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए 5 लाख रुपये तक और गंभीर बीमारियों की स्थिति में 10 लाख रुपये तक के बीमा कवर का प्रावधान है।





