
PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi) का लाभ लेने वाले करोड़ों किसानों के लिए अहम खबर सामने आई है। केंद्र सरकार किसानों को मिलने वाली सालाना आर्थिक सहायता बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो किसानों को मौजूदा ₹6,000 सालाना की जगह ₹10,000 तक की आर्थिक मदद मिल सकती है। हालांकि, अभी इसे लेकर केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिलहाल पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना ₹6,000 दिए जाते हैं। यह रकम तीन बराबर किस्तों में किसानों के बैंक खातों में सीधे DBT के जरिए भेजी जाती है। प्रस्ताव पर मुहर लगने की स्थिति में सालाना सहायता बढ़कर ₹10,000 हो सकती है। यानी किसानों को मौजूदा राशि की तुलना में ₹4,000 अतिरिक्त मिलेंगे।
योजना की राशि बढ़ाए जाने को लेकर सरकार की हाईपावर परचेज कमेटी के सदस्य और भारतीय कृषक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कृष्णवीर चौधरी ने भी संकेत दिया है। उन्होंने नूंह पंचायत भवन में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पीएम किसान सम्मान निधि की रकम बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है।
हालांकि, किसानों को यह ध्यान रखना चाहिए कि ₹10,000 सालाना सहायता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। केंद्र सरकार ने अब तक योजना की राशि बढ़ाने को लेकर कोई अधिसूचना या औपचारिक घोषणा जारी नहीं की है। ऐसे में फिलहाल ₹10,000 की रकम को संभावित बदलाव के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
अगर सरकार प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो इसका सीधा फायदा पात्र किसानों को मिलेगा। बढ़ी हुई सहायता से किसानों को बीज, खाद, दवा और खेती से जुड़े दूसरे छोटे खर्चों के लिए अतिरिक्त आर्थिक मदद मिल सकती है।
इधर पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त को लेकर भी लाभार्थियों की नजर सरकार की घोषणा पर टिकी है। पिछली यानी 23वीं किस्त 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी। इस दौरान करीब ₹18,880 करोड़ की राशि किसानों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से ट्रांसफर की गई थी।
अब किसान 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने फिलहाल अगली किस्त जारी करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। हालांकि, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया के मुताबिक, अगली किस्त अक्टूबर में आने की संभावना है।
अगर आप पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं और अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं तो पहले अपना Beneficiary Status चेक कर लें। इसके साथ ही आधार लिंकिंग, बैंक खाते की जानकारी और e-KYC की स्थिति भी जरूर जांच लें।
किसी भी जानकारी में गड़बड़ी या e-KYC अधूरी होने की स्थिति में किस्त अटक सकती है। इसलिए अगली किस्त जारी होने से पहले पीएम किसान के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी सभी जरूरी जानकारी अपडेट और सत्यापित कर लेना बेहतर रहेगा।







