
झारखंड वार्ता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को लेकर शहर का बाजार सजकर तैयार है। त्योहार के मौके पर खरीदारी के लिए बाजार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए श्री बंशीधर नगर थाना पुलिस ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए महिला और पुरुष पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गई है। थाना प्रभारी अविनाश राज स्वयं शहर में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। बाजार के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है, ताकि खरीदारी के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो।
भीड़ में महंगे आभूषण पहनकर नहीं निकलें महिलाएं
थाना प्रभारी अविनाश राज ने बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महिलाएं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महंगे आभूषण पहनकर आने से बचें। ग्राहकों को अपने सामान और पर्स की सुरक्षा स्वयं भी करनी चाहिए। खरीदारी के दौरान अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी परेशानी की स्थिति में नजदीकी पुलिसकर्मी या थाना को सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाजार में पुलिस की निगरानी रहेगी और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
आभूषण दुकानदार भी बरतें विशेष सतर्कता
त्योहार के दौरान सोने-चांदी की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आभूषण दुकानदारों को भी विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखें। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर लें और उन्हें चालू स्थिति में रखें। ग्राहकों की भीड़ के बीच आभूषणों और नकदी की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा की पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि धनतेरस और दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।







