जमशेदपुर:पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव में एक और सिलेंडर नुमा वस्तु नदी तट पर टहलने गए लोगों ने देखी। जिसके बाद हड़कंप मच गया। बुधवार रात करीब 10 बजे सुवर्णरेखा नदी से एक और जिंदा बम बरामद होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. नदी किनारे टहलने निकले ग्रामीणों ने जब इस संदिग्ध वस्तु को देखा, तो वे इसे घसीटते हुए किनारे ले आए और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
संदिग्ध वस्तु की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया. आशंका जताई जा रही है कि यह सिलेंडरनुमा बम हो सकता है।
सूचना मिलने पर बहरागोड़ा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी.थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि जांच टीम को मौके पर भेजा गया है और विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद वस्तु बम है या कोई अन्य धातु सामग्री.
गौरतलब है कि पानीपाड़ा गांव और इसके आसपास के क्षेत्र में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. बीते 17 मार्च को इसी इलाके में नदी किनारे एक बम मिला था, जबकि 24 मार्च को द्वितीय विश्व युद्ध काल का एक अमेरिकी बम बरामद किया गया था. उस समय सेना और पुलिस की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.








