July 26, 2026

ऑनलाइन फ्रॉड और हवाला रैकेट का भंडाफोड़: धनबाद में होटल से 9 अपराधी गिरफ्तार, 5.80 लाख नकद, लैपटॉप और मोबाइल बरामद

20251007_214550.jpg

Dhanbad: धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित एक होटल से ऑनलाइन ठगी और डिजिटल हवाला नेटवर्क में सक्रिय 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 5,80,700 रुपये नकद, 17 मोबाइल फोन, 23 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, एक एप्पल आईपैड और एक लैपटॉप भी बरामद किया।

छापेमारी की जानकारी

एसएसपी प्रभात कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी के नेतृत्व में सोमवार की रात पुलिस ने होटल कैसल के एक कमरे में छापेमारी की। वहां मौजूद नौ युवकों के पास लैपटॉप और मोबाइल फोन मिले, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध थीं। जांच में पता चला कि ये आरोपी फर्जी बैंक खातों और @superpay, @moonpay, @dragonpay जैसे एपीके एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर रहे थे।

ठगी का तरीका

इन एप्स में ऐसी ऑटो-फॉरवर्डिंग तकनीक थी, जो पीड़ित के बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़ा OTP सीधे आरोपियों के पास पहुंचा देती थी। इससे वे खातों से रकम आसानी से निकाल लेते थे। पुलिस ने खुलासा किया कि ये आरोपी ठगी की रकम को USDT क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर हवाला नेटवर्क के माध्यम से देश के अलग-अलग शहरों और विदेश में भेजते थे। बाद में यह पैसा स्थानीय एजेंटों की मदद से नकद में बदलकर इस्तेमाल किया जाता था।

जांच की दिशा

बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान हो सके। पुलिस ने बताया कि हवाला एजेंटों और नेटवर्क के बाकी सदस्यों को तलाशने के लिए छापेमार कार्रवाई जारी रहेगी।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार लोगों में धनबाद, बोकारो और पश्चिम बंगाल के निवासी शामिल हैं। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को ऐसे सुराग मिले हैं जो राज्य और अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं।पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध और डिजिटल हवाला कारोबार पर उनकी कड़ी नजर है, और जल्द ही इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

ख़बर को शेयर करें।