जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की पहल और लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उनके प्रयास एवं पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार की अनुशंसा पर बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी रोड नंबर-4 निवासी दिव्यांग रवि शंकर मिश्रा को बैटरी चलित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई।

जमशेदपुर प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय के माध्यम से रवि शंकर मिश्रा को बैटरी चलित ट्राई साइकिल के साथ हेलमेट, बैटरी चार्जर, साइकिल में हवा भरने की मशीन तथा सुरक्षा के लिए गाड़ी लॉक भी प्रदान किया गया। ट्राई साइकिल मिलते ही रवि शंकर मिश्रा के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। 50 वर्षों से सीमित दायरे में जीवन व्यतीत कर रहे रवि शंकर मिश्रा ने कहा कि अब वे अपनी आवश्यकताओं के अनुसार स्वतंत्र रूप से विभिन्न स्थानों तक आ-जा सकेंगे। उनके परिजनों ने भी इस पहल के लिए पंसस सुनील गुप्ता का आभार व्यक्त किया।

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि रवि शंकर मिश्रा एवं उनके परिवार के सदस्यों ने उनसे बैटरी चलित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद उन्होंने तत्काल विधायक संजीव सरदार से संपर्क कर अनुशंसा करवाई, जिसके फलस्वरूप सीडीपीओ कार्यालय द्वारा यह सुविधा उपलब्ध कराई गई।
पंसस सुनील गुप्ता ने आगे कहा कि रवि शंकर मिश्रा पिछले लगभग 50 वर्षों से 100% दिव्यांगता के कारण घर तक ही सीमित थे और उन्हें आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब बैटरी चलित ट्राई साइकिल मिलने से उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संचार होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में ऐसे और भी जरूरतमंद लोगों को पहचान कर उन्हें लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता कि इस पहल की सराहना भी की है।
इस अवसर पर सीडीपीओ कार्यालय के पदाधिकारी, जमशेदपुर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।










