शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): अनुमंडल मुख्यालय श्री बंशीधर नगर में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत से हालात चिंताजनक बन गई हैं। शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ईंधन की सीमित उपलब्धता के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही पंपों पर लंबी कतारें लगनी शुरू हो जाती हैं, जो दिन चढ़ने के साथ और भी बढ़ती जाती हैं। कई जगहों पर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
लग्न के सीजन और ईंधन की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारों के कारण शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर वाहन चालकों और पेट्रोल पंप कर्मियों के बीच नोकझोंक और बहस की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल मुख्यालय में संचालित चार पेट्रोल पंपों में से केवल एक या दो पंपों पर ही डीजल उपलब्ध हो पा रहा है। इससे डीजल लेने वालों की भीड़ एक ही जगह पर केंद्रित हो रही है। लोग सुबह से लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इस समस्या से सबसे अधिक परेशानी दैनिक मजदूरी करने वाले, छोटे व्यापारी और वाहन चालक वर्ग को हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह 6 बजे से लाइन में लगा हूं, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया है। काम-धंधा सब ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि “डीजल नहीं मिलने से गाड़ी खड़ी करनी पड़ रही है। रोज कमाने-खाने वाले लोगों के लिए यह बहुत बड़ी समस्या है।
एक महिला ने कहा कि बच्चों को स्कूल छोड़ने और घर के जरूरी काम करने में काफी परेशानी हो रही है। अगर यही हाल रहा तो हालात और खराब हो जाएंगे।
वहीं कई लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ बड़े व्यापारी तेल का स्टॉक कर रहे हैं, जिससे बाजार में कृत्रिम किल्लत पैदा हो रही है। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रशासन से समाधान की उम्मीद
ईंधन की कमी का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखने लगा है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले परिजनों और रोजमर्रा के कार्यों में लगे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो स्थिति और विकराल हो सकती है।
हालांकि इस पूरे मामले में अब तक पेट्रोल पंप संचालकों या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही इस समस्या पर संज्ञान लेते हुए पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बहाल करेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।













