---Advertisement---

प्लस टू हाईस्कूल में पुलिस का जागरूकता अभियान, नशामुक्ति, बाल विवाह, दहेज प्रथा और सड़क सुरक्षा पर दी जानकारी

On: June 18, 2026 3:56 PM
---Advertisement---

नशा समाज को खोखला कर रहा, युवा पीढ़ी को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी : थाना प्रभारी

श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना पुलिस द्वारा गुरुवार को स्थानीय प्लस टू हाईस्कूल में जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को नशामुक्ति, दहेज प्रथा, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह, सड़क सुरक्षा तथा डायल-112 की उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि नशा एक ऐसी दीमक है, जो व्यक्ति के शरीर, परिवार और समाज को धीरे-धीरे खोखला कर देती है। आज युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। कई युवा शौक या दोस्तों के दबाव में नशे की शुरुआत करते हैं, लेकिन बाद में यह गंभीर लत का रूप ले लेती है, जिससे निकलना कठिन हो जाता है।

उन्होंने कहा कि नशे के कारण व्यक्ति अपना मानसिक, शारीरिक और आर्थिक संतुलन खो देता है। इससे परिवारों में तनाव, कलह, हिंसा और अपराध की घटनाएं बढ़ती हैं। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

थाना प्रभारी ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही, तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने तथा मोबाइल फोन के उपयोग के कारण होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” को हमेशा याद रखना चाहिए।

बाल विवाह के संबंध में उन्होंने कहा कि यह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। बाल विवाह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो इसकी जानकारी पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर अवश्य दें। उन्होंने कहा कि बच्चों की जगह स्कूल है, मंडप नहीं।

कार्यक्रम के दौरान दहेज प्रथा, महिला उत्पीड़न और आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112 की उपयोगिता पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में रुचि लेकर विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार पांडेय सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now