पलामू में पुलिस ने पकड़ा डेढ़ करोड़ का गांजा, अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा
पलामू में पुलिस ने अवैध गांजा की बड़ी खेप पकड़ी है. (ईटीवी भारत)
पलामू अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के खिलाफ जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने तस्करों के पास से 320 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है. पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया है.
पलामू एसपी कपिल चौधरी को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक ट्रक बिहार के रास्ते झारखंड क्षेत्र में गांजा की तस्करी करने जा रहा है. इसी सूचना के आलोक में पुलिस ने पलामू के हुसैनाबाद इलाके में जाल बिछाया. हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला और हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया. ट्रक की तलाशी के दौरान पुलिस को 320 किलो गांजा बरामद हुआ.
गांजा को खास तरीके से पैक कर 10 अलग-अलग बोरियों में रखा गया था. गांजा तस्करी के लिए नशे के सौदागर ने ट्रक को दोबारा से तैयार करवाया था और अंदर से उसे तहखाने जैसा बना दिया था। बेसमेंट के ऊपर केबल बिछाई गई थी। पुलिस ने काफी देर तक ट्रक की तलाशी ली, जिसके बाद गांजे की खेप बरामद हुई. पुलिस ने गांजा फार्म के साथ छतरपुर के मदनपुर निवासी राजेश यादव नामक ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है. राजेश यादव को बिहार सीमा पर एक ट्रक सौंपा गया और उसे छतरपुर तक ले जाने की जिम्मेदारी दी गई।
हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला ने बताया कि पुलिस ऑपरेशन प्रहार के तहत 320 किलो गांजा बरामद किया गया है. तस्करी के आरोप में एक ट्रक ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया गया है. हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि इसमें अंतरराज्यीय नेटवर्क शामिल है. पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस छापेमारी में देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता, लठेया ओपी प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर छत्रधारी कुमार और सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार दास शामिल हैं.
