
जमशेदपुर। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ बहरागोड़ा थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बांसदा पंचायत के धोलाबेड़ा गांव में छापेमारी कर एक किराना दुकान से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बियर बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय निवासी इंद्रदेव साव की किराना दुकान को कार्रवाई का केंद्र बनाया गया था। टीम ने अचानक दुकान पर दबिश दी, जहां तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की शराब और बियर की कुल 233 बोतल एवं केन बरामद किए गए।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने जब्त शराब को कब्जे में लेते हुए मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। इस संबंध में बहरागोड़ा थाना में कांड संख्या 54/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब अवैध शराब की बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे गैर-कानूनी कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील भी की है।




