झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। धुरकी थाना क्षेत्र के बीरबल गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ मौलाना के साथ दूसरे समुदाय की एक विवाहिता महिला संदिग्ध परिस्थिति में मिली। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला और मौलाना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना को लेकर पूरे इलाके में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार अहले सुबह बीरबल गांव निवासी कलाम अंसारी के घर में एक मौलाना के साथ महिला को देखा गया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों को मामला संदिग्ध लगने पर इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर सगमा प्रखंड प्रमुख अजय साह मौके पर पहुंचे और दोनों से पूछताछ की। पूछताछ में मौलाना ने अपना नाम अकबर अंसारी तथा पता उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला अंतर्गत ओबरा बताया। वहीं महिला ने अपना नाम प्रीति दीक्षित, पति मुकेश दीक्षित निवासी अनपरा, सोनभद्र बताया। महिला अपने साथ दो माह के बच्चे को भी लेकर आई थी।
महिला ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसे झाड़-फूंक के बहाने यहां लाया गया है। हालांकि ग्रामीणों को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत के निर्देश पर पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस द्वारा सत्यापन के दौरान महिला ने फिर वही बात दोहराई कि उसे झाड़-फूंक के नाम पर यहां लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति मुकेश दीक्षित से मोबाइल पर संपर्क किया। महिला के पति ने बताया कि उक्त मौलाना का उनके घर झाड़-फूंक के सिलसिले में आना-जाना था, लेकिन दो दिन पूर्व उनकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई थी।
पुलिस दोनों को अपने साथ थाना ले गई है। थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














