{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"remove":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
सरायकेला: चौका थाना क्षेत्र में एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों के पास से दो पिस्टल, एक जिंदा गोली, चाकू, दाउली, हथौड़ी, तीन मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पूरे मामले का खुलासा सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गायारी ने किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चौका थाना क्षेत्र के मटकमडीह टोला चुटियाखाल स्थित बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालय परिसर में जुटे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए एक विशेष टीम का गठन किया। चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार और कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुंडा समेत पुलिस पदाधिकारियों को टीम में शामिल किया गया। टीम ने विद्यालय परिसर की घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से छह संदिग्धों को दबोच लिया।
दो पिस्टल और खतरनाक हथियार बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से दो पिस्टल, एक जिंदा गोली, लोहे का चाकू, दाउली और हथौड़ी मिली। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिल—स्प्लेंडर, करिज्मा और अपाचे—भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने सात मोबाइल फोन, हेलमेट और टी-शर्ट समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनसा सिंह मुंडा निवासी बारुहातु, कुचाई, चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा निवासी मेरोमजनगा, कुचाई, सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देबेन मुंडा, सोमा मुंडा उर्फ करपा निवासी बारसीडा, चौका और रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा निवासी मुटुदा, चौका के रूप में हुई है।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने क्षेत्र में हुई कई आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि 19 अगस्त को बनसा शराब दुकान में लूट के प्रयास में वे शामिल थे। इसी दिन उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप पर मोबाइल और नकदी लूटने की बात भी सामने आई है।
इसके अलावा पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 3 सितंबर को घाटदुलमी स्थित माउंट 10 व्यू होटल में दो मोबाइल फोन छिनतई की घटना को भी अंजाम देने की बात कबूल की है।
निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पूर्व की लूट और छिनतई की घटनाओं में ले जाए गए मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पूरे आपराधिक नेटवर्क को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इनका संबंध पूर्व में हुई अन्य वारदातों से भी है या नहीं।
चौका थाना में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस की समय रहते हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया।






