
चतरा: टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में आदिवासी महिला से कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। आरोपित युवक को ग्रामीणों द्वारा पकड़कर एक घर में बंद किए जाने के बाद स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब उसे छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम का ग्रामीणों से आमना-सामना हो गया। इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। पथराव में टंडवा थाना प्रभारी समेत कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
पथराव में थाना प्रभारी के माथे पर गंभीर चोट लगी। उनके माथे में चार टांके लगाए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने माजो मियां नामक युवक को एक आदिवासी महिला के साथ पकड़े जाने के बाद एक घर में बंद कर दिया था। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीण घर की एस्बेस्टस की छत तोड़कर अंदर बंद युवक को बाहर निकालने और कथित तौर पर उसे दंड देने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान घटना की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा पुलिस बल के साथ सिदपा गांव पहुंचे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के कब्जे से युवक को मुक्त कराने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई।
उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव में थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के सिर में गंभीर चोट लगी। उनके अलावा एक अन्य एसआई और कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है। स्थिति बिगड़ती देख और आत्मरक्षा में पुलिसकर्मियों ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपित युवक को हिरासत में लिया और उसे ग्रामीणों के कब्जे से निकालकर वहां से रवाना हुई।
घटना के बाद सिदपा गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस अब एक ओर आदिवासी महिला से कथित दुष्कर्म के आरोपों की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस टीम पर पथराव करने वाले लोगों की पहचान में जुट गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





