
रांची: झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, अगले तीन दिनों यानी 9 से 11 सितंबर तक राज्य में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
9 सितंबर को राज्य के कई जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। धनबाद, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है।
वहीं, रांची समेत आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
10 सितंबर को इन जिलों में बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 सितंबर को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह और धनबाद में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवा चलने के साथ वज्रपात की भी आशंका है।
मौसम केंद्र की चेतावनी के अनुसार 10 सितंबर को रांची में भी बादल छाए रहने और मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक व तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
11 सितंबर को इन इलाकों में बारिश
मौसम विभाग ने राज्य में 11 सितंबर को भी भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। 11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश का अनुमान है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवा के दौरान भी अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना बेहतर होगा।



