
रांची: झारखंड में तेजी से हो रहे शहरीकरण को देखते हुए राज्य सरकार अब शहरों के सुनियोजित विस्तार और नए शहरी केंद्र विकसित करने की दिशा में काम करने की तैयारी में है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) और रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में राज्य के तेजी से शहरीकरण वाले जिलों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे जिलों और क्षेत्रों की पहचान की जाए, जहां भविष्य में आबादी और शहरी गतिविधियों के बढ़ने की पर्याप्त संभावना है। उन्होंने उपलब्ध भूमि, सड़क एवं परिवहन कनेक्टिविटी, बुनियादी सुविधाओं, रोजगार की संभावनाओं और भविष्य की आबादी को ध्यान में रखते हुए ठोस और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरी विकास का उद्देश्य केवल सड़क, भवन और अन्य ढांचागत निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए। शहरों में रहने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है। इसी दृष्टिकोण के साथ भविष्य की शहरी योजनाओं को तैयार करने पर उन्होंने जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सैटलाइट टाउनशिप की योजना बनाते समय स्थानीय जरूरतों और आने वाले वर्षों में संभावित विकास का समग्र आकलन किया जाए, ताकि नए शहरी क्षेत्र भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किए जा सकें।
बैठक में रांची स्मार्ट सिटी के भविष्य में विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने वर्तमान संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं का आकलन कर विस्तार की दिशा में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। इस दौरान HEC की जमीन और अन्य संबंधित मुद्दों को लेकर भविष्य में बातचीत की संभावनाओं पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनियोजित और आधुनिक शहरी विकास से केवल नागरिक सुविधाओं में सुधार नहीं होगा, बल्कि इससे निवेश, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने भूमि संबंधी कार्यों तथा परियोजनाओं से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के साथ-साथ योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, राजस्व विभाग के सचिव चंद्रशेखर, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित स्मार्ट सिटी, जियाडा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





