---Advertisement---

बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ भाजपाईयों का पूरे प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन,वापस न लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

On: April 17, 2026 4:59 PM
---Advertisement---

जमशेदपुरः प्रदेश में बिजली कटौती, बढ़ती दरों और स्मार्ट मीटर में कथित अनियमित बिलिंग के खिलाफ राज्य भर में भाजपाईयों ने धरना प्रदर्शन किया। इसके खिलाफ पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी में आंदोलन छेड़ दिया है। इसी कड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर के कदमा स्थित बिजली विभाग के जीएम कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से तत्काल बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की।भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बढ़ी हुई दरें वापस नहीं ली गईं, तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।

बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।आम उपभोक्ताओं से लेकर व्यापारी और उद्योग जगत तक इस फैसले से नाराज नजर आ रहे हैं।बढ़ी हुई दरों का सीधा असर जहां घरेलू बजट पर पड़ रहा है, वहीं किसानों के लिए भी सिंचाई और कृषि कार्य महंगे हो गए हैं।इसी बढ़ती नाराजगी के बीच विभिन्न इलाकों में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में बढ़ा हुआ बिजली बिल चुकाना उनके लिए मुश्किल हो गया है. इसे सरकार के खिलाफ उभरते जनाक्रोश के रूप में देखा जा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भी राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

सरायकेला खरसावां: आदित्यपुर आकाशवाणी चौक पर भाजपाइयों का धरना प्रदर्शन

सरायकेला-खरसावां जिला भाजपा कमेटी द्वारा आदित्यपुर स्थित आकाशवाणी चौक पर एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया।

इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए अभय सिंह ने कहा कि 2024 के बाद 2026 में बिजली दरों में जो वृद्धि की गई है, वह गरीब जनता के साथ क्रूर मजाक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली, तो आने वाले समय में कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी।
नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तार व खंभा बदलने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने कहा कि जहाँ बड़े बकायेदारों को संरक्षण मिल रहा है, वहीं 10 हजार के बकाये पर गरीबों को जेल भेजना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
बिजली की बढ़ी हुई दरों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
जनता पर थोपे जा रहे प्रीपेड मीटर की योजना को बंद किया जाए।
बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी पर रोक लगे।

इस धरना प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि सरकार ने जनविरोधी फैसले वापस नहीं लिए, तो पूरे जिले में चक्का जाम और तालाबंदी जैसे कदम उठाए जाएंगे।

प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति
आंदोलन को धार देने के लिए जिले के दिग्गज नेता एकजुट हुए। प्रदर्शन में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी, ललन शुक्ला ने भी सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा की।

संगठन की ओर से जमीनी स्तर पर विरोध दर्ज कराने के लिए पदाधिकारी मुख्य रूप से गणेश कालिंदी (आदित्यपुर मंडल अध्यक्ष) अभिषेक विशाल (आरआईटी मंडल अध्यक्ष) सतीश शर्मा, वीरेंद्र सिंह, भोगेन्द्र झा विशु महतो रितिका मुखी, सारथी महतो,सुनीता पासवान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जामताड़ा में भी भाजपाईयों ने खोला मोर्चा

झारखंड में बिजली कटौती, बढ़ती दरों और स्मार्ट मीटर में कथित अनियमित बिलिंग के खिलाफ राज्य भर में भाजपाईयों ने धरना प्रदर्शन किया. इधर जामताड़ा में भी भाजपा ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष शुक्रवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया.

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. मजे की बात तो ये है कि इस मुद्दे के आसरे भाजपाई आगामी 2029 में हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेंकने का दंभ भरती नजर आए. धरना में वक्ताओं ने बिजली बिल की अधिक राशि और स्मार्ट मीटर को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि बिजली विभाग की कार्यशैली से आम जनता त्राहिमाम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों को लूटा जा रहा है. भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह ने कहा कि एक तरफ बिजली कटौती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से अधिक राशि वसूली जा रही है।

वहीं भाजपा नेता कमलेश मंडल ने सवाल उठाया कि जब आम घरों में स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है, तो सरकारी दफ्तरों में इसे क्यों नहीं लगाया जा रहा है. उधर भाजपा नेत्री आभा आर्या ने कहा कि बिजली आपूर्ति नियमित नहीं होने के बावजूद मीटर की रीडिंग लगातार बढ़ रही है. उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप भी लगाया.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now