
रांची: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से जातिगत जनगणना (2027) फाॅर्म में OBC कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर लगातार जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मोर्चा की टीम ने पटेल सेवा संघ, बरनवाल सेवा ट्रस्ट, श्रीकृष्ण विकास परिषद, झारखंड कानू महासभा, चौधरी सेवा संघ, माली मालाकार संघर्ष मोर्चा, नाई महासभा, कलवार-जायसवाल-सौंडिक समाज, कलचुरी महासभा, अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा, अग्रसेन हितकारिणी सभा और भारतीय वैश्य महासभा के अध्यक्ष एवं महासचिव सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इसके अलावा मोरहाबादी स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी, रांची के छात्रों से भी संपर्क कर जनगणना में OBC कॉलम को लेकर जागरूक किया गया।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने सभी संगठनों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने संगठन के लेटर पैड पर प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री को पत्र लिखकर जनगणना में OBC कॉलम जोड़ने की मांग करें।
इस मांग का सभी संगठनों और छात्र प्रतिनिधियों ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि OBC कॉलम के बिना जाति आधारित जनगणना अधूरी है और इससे OBC वर्ग के हक-अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
OBC जनजागरण अभियान में प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता के अलावा महिला मोर्चा अध्यक्ष उर्मिला यादव, महासचिव काशी प्रसाद, मीडिया प्रभारी अशोक कुमार कुशवाहा, प्रवीण मोदक, अजय कुमार मंडल सहित अन्य लोग शामिल थे।






