---Advertisement---

राहुल बच्चा हत्याकांड:मुख्य आरोपी शब्बे की पुलिस से मुठभेड़,पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

On: July 9, 2026 9:34 AM
---Advertisement---

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में हुए चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे को पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हथियार बरामदगी के दौरान भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
सिटी एसपी ने बताया कि 8 जुलाई की रात मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला स्थित मजार गली के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की थी। इसी क्रम में मुख्य आरोपी शब्बे के अलावा आफताब और सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए तीनों आरोपियों को रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में ले जाया गया। आरोपियों की निशानदेही पर एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की गई।
इसी दौरान पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी शब्बे ने मौके का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में आत्मरक्षा के तहत पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें सब-इंस्पेक्टर संजय की फायरिंग से शब्बे के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
सिटी एसपी ने कहा कि आरोपी की फायरिंग से पुलिस टीम की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था, इसलिए परिस्थितियों को देखते हुए जवाबी कार्रवाई करना आवश्यक हो गया। पुलिस ने मौके से बरामद हथियारों को जब्त कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और हत्या की साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now