बरडीहा (गढ़वा):प्रखंड के सुकौवा दोहर बालिका आवासीय मैदान में गुरुवार से 65वीं सुब्रतो मुखर्जी अंतरविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ होगा।
ज्ञात हो कि प्रतियोगिता का आयोजन वायु सेना खेल नियंत्रण बोर्ड के तत्वावधान में किया जाता है।
सुब्रतो मुखर्जी कप देश की सबसे प्रतिष्ठित विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिताओं में से एक है। इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ एशिया के विभिन्न देशों के विद्यालयों की टीमें भी भाग लेती हैं।
प्रतियोगिता का नाम भारतीय वायु सेना के पूर्व एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी के सम्मान में रखा गया है।
वर्ष 1998 से इस प्रतियोगिता का आयोजन सब-जूनियर एवं जूनियर आयु वर्ग में किया जा रहा है। इसका आयोजन भारतीय वायु सेना द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया जाता है।
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह, जो इस प्रतियोगिता के प्रखंड स्तरीय संयोजन समिति के संरक्षक हैं, ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में प्रतियोगिता की सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा मैदान की व्यवस्था, खिलाड़ियों के स्वागत, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, अनुशासन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने क्षेत्र के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
बरडीहा के सुकौवा दोहर बालिका आवासीय मैदान में कल से शुरू होगी 65वीं सुब्रतो मुखर्जी अंतरविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता











