
राउरकेला: ओडिशा के राउरकेला रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेलवे कर्मचारी ने महिला को कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर स्टेशन परिसर में बने एक कमरे में बुलाया और वहां उसके साथ रेप किया। शिकायत मिलने के बाद जीआरपी ने आरोपी रेलवे कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। रेलवे ने भी आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आरोपी की पहचान 54 वर्षीय कपिलेश्वर सिंह के रूप में हुई है। वह रेलवे के इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स विभाग में कार्यरत था। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(b) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से नौपाड़ा की रहने वाली है। वह अपनी दो चचेरी बहनों के साथ बेंगलुरु जाने के लिए निकली थी। यात्रा के दौरान तीनों गलती से दूसरी ट्रेन में सवार हो गईं और हटिया स्टेशन पहुंच गईं। वहां से उन्होंने दूसरी ट्रेन पकड़ी और राउरकेला पहुंचीं।
बताया गया है कि ट्रेन रात करीब 9 बजे राउरकेला स्टेशन पहुंची थी। तीनों के पास बेंगलुरु जाने का टिकट था, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हुआ था। इसी सिलसिले में पीड़िता की एक चचेरी बहन ट्रेन और टिकट से जुड़ी जानकारी लेने के लिए इंक्वायरी काउंटर की ओर चली गई, जबकि पीड़िता प्लेटफॉर्म पर ही खड़ी थी।
आरोप है कि इसी दौरान कपिलेश्वर सिंह पीड़िता के पास पहुंचा। उसने महिला से कहा कि वह उसके लिए कन्फर्म टिकट का इंतजाम कर सकता है। इसके बाद वह महिला को प्लेटफॉर्म पर बने एक कमरे की ओर ले गया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्थित वाल्व रूम/ऑपरेटर रूम में लेकर गया। वहां पहुंचने के बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है कि इसी दौरान उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी बताया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे 2 हजार रुपये देने की कोशिश की। साथ ही उसने महिला से कहा कि वह इस घटना के बारे में किसी को न बताए। हालांकि, पीड़िता ने मामले की जानकारी अपनी चचेरी बहनों को दी और इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।
शिकायत मिलने के बाद राउरकेला जीआरपी ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर से संपर्क कर उस कमरे और वहां तैनात कर्मचारियों से संबंधित जानकारी जुटाई। जांच के दौरान कपिलेश्वर सिंह का नाम सामने आया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पीड़िता के सामने लाया गया, जहां महिला ने उसकी पहचान कर ली। इसके बाद जीआरपी ने उसे हिरासत में ले लिया। जांच के बाद रेलवे कर्मचारी को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता को राउरकेला सरकारी अस्पताल भेजा, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित को अभी राउरकेला के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। बताया गया है कि बाद में मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज किया जाएगा।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं रेलवे प्रशासन ने भी आरोपी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उसे कोई पेंशन लाभ भी नहीं मिलेगा।




