रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 28 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 तक प्रस्तावित झारखंड परिभ्रमण कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन द्वारा संयुक्त रूप से समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रपति महोदया के दौरे से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कार्यक्रम स्थलों की तैयारी, स्वागत-सत्कार, लॉजिस्टिक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को उनकी स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिया कि राष्ट्रपति महोदया का दौरा पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान रांची में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों एवं अन्य संभावित स्थलों की व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई। साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था सहित सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। रूट लाइन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित परिभ्रमण को लेकर सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जाएगी तथा कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। 28 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 तक प्रस्तावित इस दौरे को लेकर सभी स्तरों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।














