रांची: आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कांके प्रखंड की ऊपर कोनकी पंचायत में भी भव्य शिविर लगा, जिसमें ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।

शिविर में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री और कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा विशेष तौर पर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के बीच जाकर समस्याएं सुनीं, योजनाओं की जानकारी दी और कई जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त बोले – सरकार खुद जनता के दरवाजे पर
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि जनता की समस्या पंचायत स्तर पर ही सुनी और समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि प्रशासन अब स्वयं लोगों के दरवाजे पहुंचकर योजनाओं का लाभ दे रहा है।
उन्होंने कहा कि यह पूरा अभियान सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें। उपायुक्त ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बिना हिचक अपनी समस्याएं रखें, प्रशासन उनकी सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है।

उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड सरकार की हर योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे। किसी भी लाभुक को योजना से वंचित न रखा जाए। प्रमाण पत्रों और अन्य सेवाओं को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
आयोजित शिविर में ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। अबुआ आवास योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, ग्राम गाड़ी योजना के बारे में बताया। उपस्थित लोगों को योजना के लाभ की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
विधायक बोले – ग्रामीणों के लिए बेहद फायदेमंद पहल
कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण जनता के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे बड़ी संख्या में शिविरों में शामिल हों और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं।
ऑन द स्पॉट लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण
संयुक्त रूप से माननीय विधायक, जिला परिषद, उप प्रमुख, मुखिया ऊपर कोनकी, द्वारा शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया गया। जिसमें सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वालें पेंशन (वृद्ध/दिब्यांग/विधवा) लाभुकों को पेंशन स्वीकृति पत्र, लाभुकों को स्वीकृति पत्र, सोना सोबरन धोती साड़ी योजना से लाभुकों को धोती साड़ी वितरण किया गया। लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया गया एवं जमीन की दाखिल खारिज शुद्धि पत्र का वितरण किया गया।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कांके, श्री विजय कुमार, अंचल अधिकारी कांके, श्री अमित भगत, जिला जन संपर्क पदाधिकारी राँची, श्रीमती उर्वशी पांडेय, जिला परिषद सदस्य, श्रीमती सुषमा देवी, उप प्रमुख, श्री अंजय बैठा, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया ऊपर कोनकी, श्रीमती लाला महली, एवं सम्बंधित सभी अधिकारी उपस्थित थे।














