
रांची: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पूर्व डीडीसी (उप विकास आयुक्त) सुनील कुमार सिंह की आत्महत्या से सनसनी फैल गई। उन्होंने सिद्धो-कान्हू के समीप स्थित विन्ध्यवासिनी अपार्टमेंट में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमारी को लेकर परेशान चल रहे थे। बताया जा रहा है कि वह अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी पटना में रहती हैं।
रविवार सुबह करीब नौ बजे जब नौकरानी उनके फ्लैट पर पहुंची, तो कमरे के अंदर सुनील कुमार सिंह को पंखे से लटका हुआ पाया। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही लालपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की परिस्थितियों और मौत के कारणों की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सुनील कुमार सिंह ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






