रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार चल रहे आरोपी साहेब अंसारी ने अब आत्महत्या कर ली है। बुधवार सुबह मणिटोला इलाके में उसके घर के पास स्थित एक कमरे से साहेब अंसारी का शव बरामद किया गया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
शव मिलने की सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी पीके मिश्रा के नेतृत्व में डोरंडा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए।
24 जनवरी को हुई थी पत्नी की हत्या
गौरतलब है कि 24 जनवरी को मणिटोला निवासी तरन्नुम उर्फ रानी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती तौर पर मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि इस जघन्य वारदात को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि खुद मृतका के पति साहेब अंसारी ने दिया था।
पुलिस के अनुसार, तीन बच्चों का पिता साहेब अंसारी का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसका उसकी पत्नी तरन्नुम लगातार विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर 24 जनवरी को पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक विवाद में बदल गई।
गुस्से में पत्नी को मारी गोली
विवाद के दौरान गुस्से में साहेब अंसारी ने अवैध पिस्तौल से अपनी पत्नी पर गोली चला दी। गोली लगते ही तरन्नुम की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद साहेब ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। उसने पिस्तौल को मृतका के हाथ की उंगली में फंसा दिया, ताकि पुलिस जांच को गुमराह किया जा सके।
हालांकि यह साजिश ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। दंपती के बच्चों ने अपनी मां की हत्या को अपनी आंखों से देखा था और उन्होंने पुलिस के सामने पूरी सच्चाई बयान कर दी। बच्चों के बयान के बाद मामला पूरी तरह पलट गया और साहेब अंसारी को हत्या का आरोपी घोषित किया गया।
हत्या के बाद से था फरार
पत्नी की हत्या के बाद से ही साहेब अंसारी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच बुधवार सुबह उसका शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि साहेब अंसारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस आत्महत्या और पत्नी की हत्या के बाद के पूरे घटनाक्रम को जोड़कर मामले की गहन जांच कर रही है।














