रांची

रांची: अवैध संबंध के शक में हैवान बना पति, पायजामे की नाड़े से पत्नी का गला घोंटकर की हत्या; गिरफ्तार

रांची: राजधानी रांची में पत्नी पर अवैध संबंधों का शक पति के सिर इस कदर चढ़ा कि उसने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। देर रात हुए घरेलू झगड़े के दौरान उसने पायजामे की नाड़ से अपनी ही पत्नी का गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। यह दर्दनाक घटना मिसिरगोंडा स्थित लोहरा कोचा इलाके की है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिबू कच्छप (पेशा- बढ़ई) को अपनी पत्नी रोहिल कच्छप पर लंबे समय से किसी और से संबंध होने का संदेह था। इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार देर रात विवाद इतना बढ़ा कि शिबू ने अपना आपा खो दिया और कमरे में ही पत्नी की नाड़ से गला कसकर हत्या कर दी।

शनिवार सुबह जब महिला के दो मासूम बच्चे (13 और 9 वर्ष) जागे तो उन्होंने मां को मृत अवस्था में पाया। बच्चों और पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा।

थानाध्यक्ष अभय कुमार सिन्हा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने कहा कि शक के चलते उसका पत्नी से आए दिन झगड़ा होता था और गुस्से में उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को होटवार जेल भेजने की तैयारी कर ली है।

मृतका रेजा (दिहाड़ी मजदूर) का काम करती थी और दो बच्चों की मां थी। अचानक हुए इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पड़ोसी और रिश्तेदार दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता में डूबे हैं।

पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

WhatsApp
Copy link
URL has been copied successfully!