ओडिशा

‘लाल आतंक’ का सरेंडर, ओडिशा में 1.10 करोड़ के इनामी माओवादी दंपति समेत 19 नक्सलियों ने डाले हथियार

ख़बर को शेयर करें

रायगड़ा/कंधमाल: ओडिशा में नक्सल विरोधी अभियान को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली, जब माओवादी संगठन से जुड़े एक कुख्यात दंपति समेत कुल 19 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में माओवादी संगठन का स्टेट कमेटी सदस्य और उस पर घोषित करोड़ों रुपये के इनाम ने इस घटना को बेहद अहम बना दिया है।

ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (DGP) वाई.बी. खुरानिया ने बताया कि सरेंडर करने वालों में निरंजन राउत उर्फ निखिल और उसकी पत्नी रश्मिरा लेंका उर्फ इंदु शामिल हैं। दोनों माओवादी संगठन के शीर्ष कैडर में सक्रिय थे और प्रत्येक पर 55.10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह दंपति पर कुल 1.10 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम था।

ओडिशा–छत्तीसगढ़ सीमा पर सक्रिय था दंपति

पुलिस के मुताबिक, यह माओवादी दंपति लंबे समय से ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे नक्सल प्रभावित इलाकों में संगठन की गतिविधियों को संचालित कर रहा था। सुरक्षा बलों के खिलाफ हमलों की साजिश रचने, नए कैडर की भर्ती और हथियारों की सप्लाई में इनकी अहम भूमिका बताई जा रही है।

रायगड़ा और कंधमाल में हुआ आत्मसमर्पण

जानकारी के अनुसार, 13 नक्सलियों ने रायगड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण किया। वहीं 4 अन्य नक्सलियों ने कंधमाल जिले में हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।

आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने दो AK-47 राइफल, अन्य हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी पुलिस को सौंपा।

सरकार की आत्मसमर्पण नीति का असर

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति, लगातार दबाव और सुरक्षा बलों की प्रभावी रणनीति के चलते नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में और भी नक्सलियों के सरेंडर करने की संभावना जताई जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।