---Advertisement---

नवनिर्वाचित अध्यक्ष साधना देवी को किया गया सम्मानित, लोगों ने दी बधाई

On: March 6, 2026 1:11 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर: डॉ. राम मनोहर लोहिया चेतना मंच एवं अनुमंडलीय दिव्यांग संघ के संयुक्त तत्वाधान में मंगलवार को नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर की नवनिर्वाचित अध्यक्ष साधना देवी को सम्मानित किया गया।

मंच के पदाधिकारी एवं दिव्यांग संघ के सदस्य साधना देवी के आवास पर पहुंचे, जहां उन्हें माला पहनाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मंच के अध्यक्ष कृष्णा विश्वकर्मा ने कहा कि साधना देवी की जीत जनता के विश्वास और उनके प्रति लोगों के समर्थन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।

वहीं मंच के उपाध्यक्ष सह अनुमंडलीय दिव्यांग संघ के अध्यक्ष कमलेश बिहारी ने कहा कि समाज के सभी वर्गों, खासकर दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान की दिशा में नगर पंचायत प्रशासन से सकारात्मक पहल की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि साधना देवी के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा।

सम्मान से अभिभूत अध्यक्ष साधना देवी ने मंच एवं दिव्यांग संघ के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के साथ-साथ सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर के विकास, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और सामाजिक समरसता को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।

इस मौके पर रवि प्रकाश बबलू,सीताराम जायसवाल,दिनेश यादव, बसंत जायसवाल समेत मंच एवं संघ के कई सदस्य तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now