
शिक्षा के साथ संस्कार और स्वास्थ्य का भी संदेश
आकाश लोहार
गढ़वा
किसी बच्चे के लिए परीक्षा का परिणाम सिर्फ अंकों का आईना नहीं होता,बल्कि यह उसकी मेहनत,लगन और पूरे साल की कोशिशों का एक छोटा-सा पड़ाव होता है,जब परिणाम सामने आता है तो किसी चेहरे पर खुशी होती है,तो किसी के मन में अगली बार और बेहतर करने का संकल्प,कुछ ऐसा ही उत्साहपूर्ण और खुशनुमा माहौल देखने को मिला आरके पब्लिक स्कूल, हूर में,जहां अर्द्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया।
परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों में अपने प्रदर्शन को जानने की उत्सुकता दिखाई दी,बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे,वहीं जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा,उन्हें निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर अगली परीक्षा में बेहतर करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या नसरीन हक ने विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम बच्चों की मेहनत,लगन और शैक्षणिक प्रगति को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है,उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन,अनुशासन,समय के सदुपयोग और शिक्षकों व बड़ों के सम्मान को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या नसरीन हक ने अभिभावकों से भी एक महत्वपूर्ण अपील की,उन्होंने कहा कि बच्चे की पहली पाठशाला उसका घर होता है और बच्चे अपने माता पिता तथा परिवार के सदस्यों के व्यवहार से बहुत कुछ सीखते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार,अनुशासन,शिष्टाचार और स्वच्छता की आदत विकसित करने के लिए जरूरी है कि अभिभावक स्वयं भी अपने व्यवहार में इन मूल्यों को अपनाएं,विद्यालय आने के दौरान मर्यादित एवं उचित वेशभूषा रखने और व्यवहार में शालीनता बनाए रखने की भी अपील की गई।
प्राचार्या ने कहा कि बच्चों से Good Manners की उम्मीद करने से पहले अभिभावकों को खुद उसका उदाहरण बनना चाहिए,उन्होंने अभिभावकों से गुटखा और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों पर घर और आसपास के वातावरण का गहरा प्रभाव पड़ता है,इसलिए बदलाव की शुरुआत बड़ों से होगी,तभी उसका सकारात्मक असर बच्चों के भविष्य पर दिखाई देगा।
विद्यालय में इस अवसर पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया,शिविर में विद्यार्थियों सहित उपस्थित लोगों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई,इस दौरान लंबाई, वजन,नाड़ी की गति और रक्त शर्करा की जांच की गई।
विद्यालय प्रबंधन की इस पहल ने यह संदेश दिया कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सिर्फ अच्छी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं,बल्कि उनका स्वस्थ रहना भी उतना ही जरूरी है,शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और समग्र व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें नियमित पढ़ाई,अनुशासन,मेहनत तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुस्कान चौबे,अंजली तिवारी,दिव्या,प्रीति दुबे,सारिब अंसारी,मिस छाया चौबे,विजय प्रजापति,अंकिता चौबे,मुस्कान तिवारी,फरहत जहां,सोनाली विजय महतो,प्रेमांजलि कुमारी,काजल तिवारी,राजकुमारी,सोनम उपाध्याय एवं आकांक्षा दुबे सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही,विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों को उनके परीक्षा परिणाम के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुल मिलाकर आरके पब्लिक स्कूल हूर में आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ परीक्षा परिणाम घोषित करने तक सीमित नहीं रहा,बल्कि इसने एक बड़ा संदेश भी दिया,बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार,स्वस्थ वातावरण और सही दिशा देना भी उतना ही जरूरी है,जब विद्यालय और परिवार मिलकर बच्चों के भविष्य को संवारते हैं,तभी एक बेहतर और जिम्मेदार पीढ़ी का निर्माण होता है।





