
अयोध्या: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रबंधन और प्रशासन से जुड़ी व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एयर मार्शल (रिटायर्ड) जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने का फैसला किया है। बुधवार को हुई अहम बैठक में उनके नाम पर मुहर लगाई गई।
जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के अनुभवी अधिकारी रहे हैं और उन्होंने वेस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (AOC-in-C) के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली है। खास तौर पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वेस्टर्न कमांड की कमान उनके पास थी। उनकी नियुक्ति को ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने भारतीय वायुसेना में करीब 39 साल से अधिक समय तक सेवा दी। उपलब्ध सेवा रिकॉर्ड के मुताबिक उन्होंने 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में कमीशन प्राप्त किया था और 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए। वह फाइटर पायलट के तौर पर वायुसेना में शामिल हुए थे। वह वेस्टर्न एयर कमांड की कमान संभालने के अलावा इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में भी अहम पदों पर रहे।
जितेंद्र मिश्रा इससे पहले डिप्टी चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशंस) के पद पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में डॉक्ट्रिन, ऑर्गनाइजेशन एंड ट्रेनिंग से जुड़े डिप्टी चीफ की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।






