
हजारीबाग: हजारीबाग जिले के केरेडारी-बड़कागांव मुख्य मार्ग पर देसवारी के समीप देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उनकी एक वर्षीय बेटी की मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू निवासी मो. आसीन और उनकी एक वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मो. आसीन अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक से ससुराल (जोको) जा रहे थे। इसी दौरान देसवारी के पास बड़कागांव की ओर जा रही एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मो. आसीन और उनकी बेटी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को केरेडारी चौक पर रखकर सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों ने हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सुबह ग्रामीणों ने जाम स्थल बदलकर कड़वे बसरिया मोड़ पर आवागमन रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से NTPC BGR कंपनी के वाहन लगातार गुजरते हैं और हादसे में भी किसी कंपनी के वाहन के शामिल होने की आशंका है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जाम के कारण कंपनी के वाहनों समेत अन्य वाहनों का परिचालन प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक हादसे में शामिल वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।







