
बोकारो: बोकारो में घरेलू विवाद के बाद एक बेटे पर अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
मामला सेक्टर-12 थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात 60 वर्षीय उर्मिला देवी का अपने 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कहासुनी बढ़ने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में राजू कुमार ने अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लाठी-डंडे के अलावा लात-घूंसों से भी महिला की बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट में उर्मिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी बेटे राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। मां-बेटे के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।







