
पाकुड़: अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार में बुधवार को तीन हथियारबंद अपराधियों ने किशुन वर्मा ज्वेलर्स को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर अपराधी बाइक से फरार हो गए। वारदात के दौरान दुकान में मौजूद आकाश वर्मा को निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग भी की गई, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में अचानक तीन हथियारबंद अपराधी पहुंचे। तीनों पल्सर बाइक पर सवार थे और उन्होंने रेनकोट तथा हेलमेट पहन रखा था। इससे उनकी पहचान छिपी हुई थी।
दुकान के अंदर घुसते ही अपराधियों ने आकाश वर्मा को निशाना बनाकर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। आकाश वर्मा गोली से बचने के लिए नीचे झुक गए और किसी तरह दुकान से निकलकर अपने घर की तरफ भागने लगे।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उनका पीछा करते हुए दूसरी बार भी फायरिंग की। हालांकि, दूसरी गोली भी आकाश वर्मा को नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। इसके बाद अपराधियों ने दुकान में रखे सोने और चांदी के आभूषणों को समेटना शुरू कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दुकान से बाहर निकले। बाहर निकलने के दौरान भी उन्होंने फायरिंग की, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना के वक्त इलाके में तेज बारिश हो रही थी। लूट के बाद तीनों अपराधी अपनी पल्सर बाइक से बासमती गांव की ओर फरार हो गए।
दिनदहाड़े मुख्य बाजार में हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग भी घटना के बाद सहमे हुए हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में अपराधियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस इसी आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
लूटे गए सोने और चांदी के आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत फिलहाल स्पष्ट नहीं है। दुकान संचालक द्वारा स्टॉक का मिलान किए जाने के बाद ही लूटे गए सामान की कुल कीमत सामने आने की उम्मीद है। पुलिस भी मामले से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
अमड़ापाड़ा के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हथियार के बल पर ज्वेलर्स दुकान में लूट और फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है






