
पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के एक गांव से चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का कथित मामला सामने आया है। आरोप है कि दो नाबालिग लड़कों ने बच्ची को अपने साथ ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित नाबालिगों को पकड़ लिया है। मामले में बच्ची की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
खेलने के लिए घर से निकली थी बच्ची
बताया गया कि बच्ची घर के आसपास खेलने के लिए निकली थी। इसी दौरान 12 और 9 वर्ष के दो नाबालिग लड़कों ने कथित तौर पर उसे पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची किसी तरह घर पहुंची। परिजनों ने जब उससे पूछताछ की तो वह रोने लगी और पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी।
बच्ची की बात सुनकर परिजन सकते में आ गए। इसके बाद तत्काल मालपहाड़ी ओपी पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की।
मेडिकल जांच कराई गई
पुलिस ने पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। वहीं, शिकायत के आधार पर दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित नाबालिग हैं। इसलिए उनके खिलाफ किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश
मासूम बच्ची के साथ हुई इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।







