---Advertisement---

अनुमंडल अस्पताल के डिलेवरी वार्ड की छत गिरी, बड़ा हादसा टला; मरम्मत के नाम पर खर्च पर उठे सवाल

On: April 25, 2026 7:46 AM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): अनुमंडल अस्पताल में गुरुवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डिलेवरी वार्ड की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज के साथ हुई इस घटना से वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

घटना के समय वार्ड में आधा दर्जन से अधिक महिलाएं भर्ती थीं। गनीमत रही कि सभी ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस दौरान एक मरीज के परिजन को पीठ में हल्की चोट आई, जिसका इलाज अस्पताल में ही किया गया।

मौके पर मौजूद मरीजों में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के तुमिया गांव निवासी शिव शक्ति कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी, भवनाथपुर प्रखंड के बुका निवासी संतोष पासवान की पत्नी ममता देवी, प्रियंका कुमारी, जंगीपुर की सरिता देवी और हरनाकछार की सुनीता देवी शामिल थीं।

इस घटना ने अस्पताल की जर्जर व्यवस्था और हाल ही में कराए गए मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर मरम्मत के बावजूद छत गिरना कहीं न कहीं बड़ी लापरवाही और घटिया निर्माण की ओर इशारा करता है।

लोगों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की अनदेखी और निर्माण कार्य में गड़बड़ी के कारण मरीजों की जान खतरे में पड़ रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है, लेकिन इस हादसे ने स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now