
RRB JE Vacancy 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) समेत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 3,993 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार रेलवे के आधिकारिक आवेदन पोर्टल rrbapply.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आरआरबी जेई भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए 13 सितंबर 2026 तक का समय है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 16 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
इस भर्ती में जूनियर इंजीनियर और डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट समेत कई तकनीकी पद शामिल हैं। ये पद सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर और अन्य संबंधित इंजीनियरिंग स्ट्रीम से जुड़े हैं।
कुल 3,993 रिक्तियों में कैटेगरी के अनुसार 1,699 पद सामान्य वर्ग, 624 पद एससी, 363 पद एसटी, 913 पद ओबीसी और 394 पद ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
जूनियर इंजीनियर (JE) पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग विषय में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से तीन वर्षीय डिप्लोमा या संबंधित स्ट्रीम में BE/BTech डिग्री होना जरूरी है।
वहीं, डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) पद के लिए किसी भी इंजीनियरिंग विषय में तीन वर्षीय डिप्लोमा की योग्यता निर्धारित की गई है। ध्यान रखें कि उम्मीदवार की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता आवेदन की अंतिम तारीख यानी 13 सितंबर 2026 तक पूरी होनी चाहिए। अंतिम परीक्षा का परिणाम आने का इंतजार कर रहे उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।
उम्र सीमा कितनी है?
आरआरबी जेई भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 जनवरी 2027 को कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष, जबकि ओबीसी-एनसीएल उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट मिलेगी। PwBD, पूर्व सैनिकों, रेलवे कर्मचारियों और अन्य पात्र श्रेणियों के लिए भी निर्धारित नियमों के अनुसार आयु में अतिरिक्त छूट का प्रावधान है।
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। परीक्षा में शामिल होने के बाद इसमें से 400 रुपये वापस किए जाएंगे। वहीं, एससी, एसटी, महिला, PwBD, ईडब्ल्यूएस और पूर्व सैनिक समेत निर्धारित आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये है। परीक्षा में शामिल होने पर इन उम्मीदवारों को निर्धारित शुल्क की पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।
दो चरणों में होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा
आरआरबी जेई भर्ती में उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से दो चरणों की कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) परीक्षा के जरिए किया जाएगा। CBT-1 में सफल उम्मीदवारों को CBT-2 के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जामिनेशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
फिलहाल CBT-1 और CBT-2 की आधिकारिक परीक्षा तारीख घोषित नहीं की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है। परीक्षा से करीब 10 दिन पहले सिटी इंटीमेशन स्लिप और परीक्षा से लगभग चार दिन पहले एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।
कैसे करें आवेदन?
सबसे पहले उम्मीदवार rrbapply.gov.in पर जाएं। इसके बाद संबंधित RRB भर्ती के आवेदन लिंक पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन करें। मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी और शैक्षणिक विवरण भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।







