
धनबाद। धनबाद पुलिस को बड़ी आपराधिक कार्रवाई में सफलता मिली है। निरसा थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कुख्यात शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सागर सिंह के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, सागर सिंह लंबे समय से कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांटेड था। उसका नाम धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में मुख्य शूटरों में शामिल होने के आरोपों से जुड़ा रहा है। इसके अलावा जमशेदपुर के चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।
बड़ी वारदात की तैयारी की सूचना पर घेराबंदी
बताया गया कि धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम को सागर सिंह और उसके साथियों के किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में जुटे होने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने निरसा इलाके में संदिग्ध ठिकाने की घेराबंदी शुरू की।
पुलिस का दावा है कि खुद को चारों तरफ से घिरता देख सागर सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस की गोली सागर सिंह के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे कब्जे में ले लिया।
इलाज के साथ पूछताछ, साथियों की तलाश तेज
मुठभेड़ में घायल सागर सिंह को पुलिस सुरक्षा के बीच इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि सागर सिंह की गिरफ्तारी से नीरज सिंह हत्याकांड और निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।





