
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतेंद्र नारायण सिंह ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्ती तथा आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को पुराने एवं लंबित कांडों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्ती तेज करने तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही चौक-चौराहों पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वालों पर भी नजर रखने का निर्देश दिया।
दुर्गा पूजा एवं दशहरा को देखते हुए एसडीपीओ ने सभी थाना क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने पूजा पंडालों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। एसडीपीओ ने बैंक, एटीएम, आभूषण दुकानों तथा अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों और स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा, ताकि पर्व के दौरान किसी तरह की आपराधिक घटना न हो। बैठक में आभूषण साफ करने के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर भी विशेष चर्चा हुई।
एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ठग अक्सर आभूषण साफ करने या चमकाने का झांसा देकर घर में प्रवेश करते हैं और विश्वास में लेकर जेवरात लेकर फरार हो जाते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए ग्रामीणों को सतर्क करना जरूरी है। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें और ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखें।।दुर्गा पूजा के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया।
एसडीपीओ ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही शराब के सेवन से होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को कहा। बैठक में नगर ऊंटारी थाना प्रभारी अविनाश राज, भवनाथपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, रमना थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक, खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, बिशुनपुरा थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य, धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन रावत, केतार थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह तथा हरिहरपुर ओपी प्रभारी परवेज आलम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।






