
रेल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलेगी राहत, आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने की मांग
रांची : केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर इसे 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत करने के फैसले का एसईआरएमसी (SERMC) ने स्वागत किया है। संगठन के महामंत्री एन. एल. कुमार ने इस निर्णय के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिवाली से पहले लिया गया यह फैसला 11 लाख से अधिक कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनभोगियों के लिए राहत की बात है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होने की बात कही गई है।
एन. एल. कुमार ने कहा कि मौजूदा महंगाई को देखते हुए महंगाई भत्ते में यह बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है, लेकिन इससे रेलकर्मियों को कुछ राहत जरूर मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार दिवाली से पहले बकाया राशि (एरियर) सहित बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान करेगी। साथ ही उन्होंने आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे रेलकर्मियों को उनके अधिकारों का लाभ मिलेगा और उनकी मांगों का सम्मान होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के हित में आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
— एन. एल. कुमार, महामंत्री, एसईआरएमसी






