
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की आराधना का पर्व गणेश चतुर्थी श्री बंशीधर नगर में सोमवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। चचेरिया में दो स्थानों पर भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। पूजा पंडालों की आकर्षक सजावट, वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और आरती से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से क्षेत्र गूंजता रहा।
नगर पंचायत क्षेत्र के चचेरिया स्थित सीसीएल कंप्यूटर सेंटर गली में श्री गणेश पूजा महोत्सव समिति तथा प्रतिष्ठित व्यवसायी वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी के आवास के समीप श्री गणेश पूजा समिति की ओर से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। दोनों पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
श्री गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित कलश शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विश्व प्रसिद्ध श्री राधाकृष्ण बंशीधर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद युवा समाजसेवी मनीष कुमार कमलापुरी माथे पर कलश लेकर मंदिर की परिक्रमा करते हुए पूजा स्थल पहुंचे। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

बच्चों ने सजाया पूजा पंडाल
इस वर्ष गणेश प्रतिमा की स्थापना से लेकर पूजा पंडालों की सजावट में बच्चों और युवाओं ने विशेष भूमिका निभाई। गुब्बारे, रंग-बिरंगी झालर, आकर्षक लाइट और फूल-मालाओं से पंडालों को सजाया गया है। बच्चों की रचनात्मकता से सजे पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
तीन दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुआ, जिसका समापन बुधवार को होगा। सोमवार की शाम सात बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद आरती हुई और भगवान गणेश को मोदक का भोग अर्पित किया गया।
भजन-कीर्तन में डूबीं महिलाएं
पूजा और आरती के बाद महिलाओं ने भगवान श्री गणेश के भक्ति गीत और भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। भजनों से पूजा स्थल का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु
गणपति के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। श्रद्धालु भगवान गणेश से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं। तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है।
पूजा आयोजन में प्रतिष्ठित व्यवसायी वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, मनदीप कमलापुरी, दयाशंकर कमलापुरी, राज कमलापुरी, अमन कुमार तथा श्री गणेश पूजा महोत्सव समिति के अध्यक्ष उत्कर्ष जायसवाल के साथ राजेश जायसवाल पप्पली, आनंद प्रकाश, कृष्णा प्रसाद, श्रवण कुमार, उदय प्रसाद, प्रियांशु कुमार, सत्यम कुमार, हर्ष कुमार, आदित्य कुमार, अमन कुमार, निखिल कुमार, निशा कुमारी, रानी जायसवाल, नंदनी कुमारी, किरण देवी, सुनंदा देवी, लवली सिन्हा, सृष्टि कुमारी, नैना कुमारी, जैसी कुमारी समेत बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और श्रद्धालु सक्रिय रूप से शामिल हैं।







