
सिमडेगा: जिले के ठेठईटांगर प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। दुमकी पंचायत के गोहरपहर पहाड़टोली में मंगलवार शाम करीब छह बजे हाथी ने 62 वर्षीय कमला देवी को सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और फिर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, गोहरपहर पहाड़टोली निवासी कमला देवी मंगलवार शाम बरपानी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान घर के पास ही झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी अचानक उनके सामने आ गया। महिला को संभलने या वहां से हटने का मौका मिलता, उससे पहले हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने कमला देवी को सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और इसके बाद उन्हें पैरों से कुचल दिया। हमले में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया।
महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों में हाथियों की आवाजाही को लेकर चिंता के साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित इलाकों में हाथियों के आतंक से लोगों को राहत दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। साथ ही हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की मांग की गई है।




