
तीन माह पहले किया था प्रेम विवाह, विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में दहेज की मांग को लेकर एक 18 वर्षीय नवविवाहिता की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला थाना क्षेत्र अंतर्गत नरखोरिया गांव का है। घटना को लेकर मृतका की मां फूल कुमारी देवी, पति प्रभु प्रसाद, के लिखित आवेदन के आधार पर नगर उंटारी थाने में पति समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति रवि प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
तीन माह पहले किया था प्रेम विवाह
प्राथमिकी में बताया गया है कि फूल कुमारी देवी की पुत्री नेहांसी कुमारी की करीब तीन माह पहले नरखोरिया गांव निवासी रामदेव प्रसाद के पुत्र रवि प्रसाद के साथ प्रेम विवाह हुआ था। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया था। शादी के बाद से ही विवाहिता के ससुराल में दहेज को लेकर विवाद शुरू होने का आरोप लगाया गया है।
मृतका की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये नकद, मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अंगूठी की मांग कर रहे थे। मायके वालों ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई थी। आरोप है कि इसके बावजूद विवाहिता को लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का आरोप
आवेदन के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के साथ कथित रूप से मारपीट की। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग नरखोरिया पहुंचे। वहां विवाहिता को मृत पाया गया।
घटना के बाद से ही परिवार में मातम पसरा हुआ है। मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्या की वास्तविकता सामने लाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पति समेत छह लोग नामजद
मृतका की मां के आवेदन पर पुलिस ने नगर उंटारी थाना कांड संख्या 187/26 दर्ज किया है। प्राथमिकी में पति रवि प्रसाद, ससुर रामदेव प्रसाद, भैंसुर रामाशीष साव, जेठानी सरोज देवी (पति सत्येंद्र कुमार), देवर सत्येंद्र प्रसाद तथा मनीष कुमार (दोनों पिता रामदेव प्रसाद) को नामजद आरोपी बनाया गया है। सभी नरखोरिया गांव के निवासी बताए गए हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शेष नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में जिनकी संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट होगा।







