
रांची: झारखंड में छात्र संगठनों की मांगों को लेकर जारी आंदोलन के बीच सोमवार देर रात स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह रांची के सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत अनशन पर बैठे आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की और उनकी मांगों को लेकर बातचीत की।
मंत्रियों ने आंदोलनरत छात्रों को जूस पिलाकर उनका भूख हड़ताल समाप्त कराया। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से जारी छात्रों के आंदोलन को लेकर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल का संदेश दिया गया।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को सुनना, समझना और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया जाएगा और उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।






