गढ़वा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (नगरपालिका) दिनेश यादव ने बुधवार को गढ़वा अनुमंडल सभागार में आयोजित समारोह में मझिआंव नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमित्रा देवी एवं सभी वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि वे संविधान के अनुरूप अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि मझिआंव के विकास हेतु प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही नगर पंचायत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी प्रतिनिधियों को टीम भावना के साथ मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उपायुक्त ने स्थानीय नगर प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
शपथ ग्रहण के उपरांत नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस चुनाव में दो अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिसमें सुमन विश्वकर्मा को कुल 6 मत प्राप्त हुए, जबकि विकास कुमार सिंह को 5 मत मिले। एक मत अमान्य घोषित किया गया।
निर्वाची पदाधिकारी-सह-गढ़वा भूमि सुधार उपसमाहर्ता रविश राज सिंह ने सुमन विश्वकर्मा को विजयी घोषित करते हुए जीत का प्रमाणपत्र प्रदान किया। इसके बाद नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में मझिआंव नगर पंचायत अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी रविश राज सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, बीडीओ कुमार नरेन्द्र नारायण, अंचल अधिकारी सफी आलम सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













