T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खिताब बचाने के इरादे से टीम इंडिया आज अपने अभियान का आगाज करने जा रही है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। घरेलू दर्शकों के बीच पहला मुकाबला खेलने से टीम का उत्साह चरम पर है।
हालांकि टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा के चोटिल होने की खबर ने टीम मैनेजमेंट की चिंता जरूर बढ़ाई, लेकिन अनुभवी मोहम्मद सिराज के स्क्वॉड में शामिल होने से इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद जताई जा रही है। मैनेजमेंट का मानना है कि सिराज अपने अनुभव से गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे।
8 मार्च को फाइनल मुकाबला
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज में कुल 39 मैच होंगे, जहां हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें अगले दौर में जगह बनाएंगी। इसके बाद सुपर-8 का रोमांच देखने को मिलेगा।
सेमीफाइनल मुकाबले 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे, जबकि दुनिया की सबसे बेहतरीन टीमों के बीच खिताबी जंग 8 मार्च को होगी।
पहले दिन तीन बड़े मुकाबले, भारत-USA पर रहेगी खास नजर
टी20 वर्ल्ड कप के पहले ही दिन क्रिकेट फैंस को तीन हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे।
ग्रुप A में पाकिस्तान और नीदरलैंड की भिड़ंत सुबह 11 बजे होगी।
दूसरा मैच ग्रुप C में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच कोलकाता में दोपहर 3 बजे खेला जाएगा। दिन का तीसरा और सबसे अहम मुकाबला भारत और अमेरिका के बीच शाम 7 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
कहां और कैसे देखें लाइव स्ट्रीमिंग
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर कई भाषाओं में किया जाएगा। वहीं मोबाइल और डिजिटल यूजर्स जियो स्टार ऐप पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
टीम इंडिया इस मुकाबले में संतुलित संयोजन के साथ उतर सकती है। संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार हो सकती है
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया अपने पहले ही मुकाबले में जीत दर्ज कर खिताब बचाने की दिशा में मजबूत कदम रख पाती है या नहीं।














