---Advertisement---

रांची में बेखौफ अपराधियों का आतंक: पत्रकारों पर जानलेवा हमला, एक गंभीर रूप से घायल; दो आरोपी अरेस्ट

On: January 8, 2026 1:01 PM
---Advertisement---

रांची: राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। कभी सड़कों पर खुलेआम लोगों को रौंदा जा रहा है तो कभी मासूम बच्चे लापता हो रहे हैं। अब अपराधियों ने पत्रकारों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला रांची के दो पत्रकारों से जुड़ा है, जिन पर लूटपाट के इरादे से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में एक पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गया है।

घर लौटते वक्त रोका, विरोध करने पर किया जानलेवा हमला

यह घटना सोमवार देर रात सदर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक के पास की है। एक दैनिक अखबार के दो पत्रकार देर रात कार्यालय से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोककर छिनतई का प्रयास किया। जब पत्रकारों ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने बेरहमी से हमला कर दिया। हमले के दौरान बदमाशों ने एक पत्रकार को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि दूसरा किसी तरह वहां से निकलकर मदद के लिए दौड़ पड़ा।

स्थानीय लोगों की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी

दूसरे पत्रकार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए दोनों हमलावरों का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर लोगों ने दोनों अपराधियों को पकड़ लिया और बिना किसी हंगामे के पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। गौरतलब है कि इसी इलाके में पूर्व में भी अपराधियों द्वारा एक पत्रकार की हत्या की जा चुकी है, जिससे लोगों में पहले से ही दहशत का माहौल है।

सीसीटीवी में कैद वारदात, पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल

पत्रकारों पर हुए इस हमले की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में अपराधी पत्रकार के साथ मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस समय यह वारदात हुई, उस वक्त इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग मौजूद नहीं थी। जबकि कोकर क्षेत्र में कई मीडिया संस्थानों के कार्यालय हैं, जहां देर रात तक कामकाज चलता है, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था नदारद दिखी।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घायल पत्रकार को इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now