बिहार

बिहार: RJD नेता के बेटे ने ASI को मारी गोली, मुठभेड़ में आरोपी ढेर

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार की सुबह बेला रोड स्थित एक मंदिर के पास दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने बेला थाना में तैनात एएसआई विकास कुमार को गोली मार दी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल एएसआई विकास कुमार को बैरिया इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

13 और 15 फरवरी को बेला थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड हेराफेरी कर 30 हजार और 66 हजार रुपये की ठगी की घटनाएं हुई थीं। मंगलवार, 17 फरवरी को पुलिस को जानकारी मिली कि ATM फ्रॉड का मास्टरमाइंड पप्पू साहनी अपने एक साथी के साथ बेला रोड पर साईं मंदिर के पास एक और ATM फ्रॉड की प्लानिंग कर रहा है। एएसआई विकास कुमार और दारोगा अभिषेक कुमार संदिग्ध को पकड़ने के प्रयास में लगे थे। इसी दौरान पप्पू सहनी ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली विकास कुमार के पेट में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े।

मुठभेड़ में आरोपी घायल, गिरफ्तार

फायरिंग के बाद बदमाश मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गोली लगने से पप्पू सहनी घायल हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 8 घंटे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कुल दो राउंड फायरिंग की थी, जिसमें से एक गोली एएसआई विकास कुमार को लगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पप्पू सहनी एटीएम फ्रॉड से जुड़े एक बड़े गिरोह का सरगना था। वह मीनापुर के राजद प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर साहनी का पुत्र है।

अस्पताल पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घायल एएसआई विकास कुमार मूल रूप से सारण जिला के निवासी हैं, जबकि उनका परिवार वर्तमान में पटना में रहता है। घटना की सूचना मिलते ही कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

दिनदहाड़े पुलिसकर्मी पर हुए इस हमले ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार अपराधी की तलाश जारी है।

ख़बर को शेयर करें।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।